NEW DELHI : बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग कर रहा है. कोरोना के बीच चुनाव कराने के सवाल का जवाब देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि 17 से ज्यादा देशों ने चुनाव टाले, लेकिन हमने सोचा कि जनता के लोकतांत्रिक अधिकार को बरकरार रखने के लिए सेहत और लोकतंत्र के बीच संतुलन बनाने के लिए जरूरी है। सेफ्टी नॉर्म्स के साथ चुनाव भी हों तभी राज्यसभा के चुनाव कराए गए।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि बिहार में कुल 243 सीटों पर चुनाव होगा, राज्य में 29 नवंबर तक विधानसभा का कार्यकाल है। इस बार पोलिंग स्टेशन की संख्या और मैनपावर को बढ़ाया गया है। बिहार में 2020 के चुनाव में सात करोड़ से अधिक वोटर मतदान करेंगे। इस बार एक बूथ पर सिर्फ एक हजार ही मतदाता होंगे।
चुनाव आयोग ने कहा कि इस बार चुनाव में 6 लाख पीपीई किट राज्य चुनाव आयोग को दी जाएंगी, 46 लाख मास्क का इस्तेमाल भी होगा। सात लाख हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जाएगा, साथ ही 6 लाख फेस शील्ड को उपयोग में लाया जाएगा। 18 लाख से अधिक प्रवासी मजदूर हैं, इनमें से 16 लाख वोट डाल सकते हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि इस बार वोट डालने के लिए एक घंटे का अधिक वक्त रखा गया है। सुबह सात से शाम 6 बजे तक मतदान होगा, लेकिन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ऐसा नहीं होगा। डोर-टू-डोर कैंपेन में सिर्फ पांच लोग ही जा सकेंगे। इस बार नामांकन और हलफनामा ऑनलाइन भी भरा जाएगा, डिपोजिट को भी ऑनलाइन सबमिट किया जा सकेगा।