Homeउत्तर प्रदेश की खबरेंसरकारी अस्पतालों में जल्द शुरू होंगे आपरेशन, नार्मल होगी व्यवस्था

सरकारी अस्पतालों में जल्द शुरू होंगे आपरेशन, नार्मल होगी व्यवस्था

LUCKNOW : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल कालिंग के जरिये यूपी के सभी सीएमओ से बात कर उन्हें दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कोविड और नाॅन कोविड अस्पतालों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए चिकित्साधिकारियों को प्रोत्साहित किया।

सीएम योगी ने सभी जनपदों में एल0-1, एल0-2, एल0-3 कोविड अस्पतालों में साफ-सफाई, मरीजों को समय से सुपाच्य/सात्विक और पर्याप्त मात्रा में भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। दोपहर का खाना 01 बजे तक और शाम का खाना 7—8 बजे के बीच में मरीजों को हर-हाल में उपलब्ध कराया जाए।

इन अस्पतालों में भर्ती मरीजों के बेड की बेडशीट्स रोज बदली जाएं। मरीजों की लगातार माॅनीटरिंग की जाए। सीनियर डाॅक्टर, नर्स, पैरामेडिक स्टाफ लगातार राउण्ड लेते रहें। मरीजों से अच्छा व्यवहार किया जाए। कोरोना संक्रमण को अनावश्यक पैनिक न बनाया जाए। डाॅक्टर सहित अन्य स्टाफ का स्नेहपूर्ण व्यवहार मरीज की हौसला अफजाई करता है। इससे उसकी रिकवरी जल्दी होती है।

सीएम योगी ने कहा कि एल0-1 कोविड अस्पतालों में प्रत्येक 10-12 बेड्स पर आक्सीजन की आपूर्ति अवश्य की जाए। इसी प्रकार एल0-2 के प्रत्येक बेड पर आक्सीजन सप्लाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्रत्येक 02-03 बेड पर वेण्टीलेटर की भी व्यवस्था की जाए। सभी जनपदों में वेण्टीलेटर हर-हाल में क्रियाशील कर लिए जाएं। साथ ही, एनेस्थेटिक तथा पैरामेडिक्स को वेण्टीलेटर चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि एल0-3 कोविड अस्पतालों में गम्भीर कोरोना मरीज जैसे बुजुर्ग, अन्य बीमारियों से ग्रस्त लोग, गर्भवती महिलाएं तथा बच्चे रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी मण्डलों के मण्डलायुक्त कोविड अस्पतालों में डाॅक्टर, नर्स, पैरामेडिक्स, वाॅर्ड ब्वाय इत्यादि की उपस्थिति की समीक्षा करें और इन्हें निरन्तर माॅनीटर भी करें।

सभी जनपदों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेजे गये अतिरिक्त/संयुक्त निदेशक जनपद के सी0एम0ओ0, सी0एम0एस0 इत्यादि के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कोविड अस्पतालों में मरीजों के इलाज तथा डाॅक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति इत्यादि की समीक्षा करें।

उन्होंने कहा कि डाॅक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ अनावश्यक सेल्फ क्वारण्टीन पर न जाएं। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टाफ स्वयं को मेडिकल इन्फेक्शन से बचाने के लिए पूरी सावधानी बरते।

सीएम योगी ने कहा कि नाॅन कोविड अस्पतालों में इमरजेन्सी सेवाएं जल्दी से शुरू की जाएं और आपरेशन भी किए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी नाॅन कोविड अस्पतालों को कोरोना संक्रमण से बचाव के उपकरण जैसे पी0पी0ई0किट, एन-95 मास्क, सेनिटाइजर इत्यादि उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इमरजेन्सी सेवाओं में डाॅक्टर, नर्स, पैरामेडिक्स, वाॅर्ड ब्वाय इत्यादि इनका उपयोग करते हुए कार्य करें। राज्य सरकार जनपदों के अस्पतालों में इमरजेन्सी सेवाओं के तहत कार्यरत स्टाफ की सुविधा के लिए शीघ्र ही कोरोना जांच के लिए ट्रूनैट मशीन उपलब्ध कराएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular