UP ट्रेड शो में 30 MoU, महिलाओं के कारोबार को मिलेगा बड़ा बाजार; 1.5 करोड़ बच्चों की ड्रेस में SHG को जोड़ने की तैयारी
सरकार टुडे/ नोएडा :— गांव की चौखट से ग्लोबल बाजार तक पहुंचने की राह उत्तर प्रदेश की महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए खुलती दिख रही है। UP इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP Trade Show)में सोमवार को महिला समूहों और खरीदार कंपनियों के बीच करीब 30 MoU हुए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में हुए इन समझौतों का मकसद महिलाओं के उत्पादों को बड़े बाजार और नामी कंपनियों से सीधे जोड़ना है।
कागज पर नहीं, जमीन पर दिखे असर
केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी MoU की नियमित निगरानी हो और समझौते सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से प्राथमिक विद्यालयों के करीब 1.5 करोड़ बच्चों की ड्रेस तैयार करने में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को जोड़ने की तैयारी है। इससे महिला समूहों के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार और कारोबार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। (UP Trade Show)
लखपति से करोड़पति दीदी तक
मौर्य ने कहा कि लक्ष्य महिलाओं को केवल ‘लखपति दीदी’ तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ाकर ‘करोड़पति दीदी’ बनाना है। ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई महिला उद्यमियों ने मसाले, हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद और दूसरे सामान खरीदार कंपनियों के सामने पेश किए। UPITS 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में हो रहा है और इसमें देश-विदेश के खरीदार तथा कारोबारी भाग ले रहे हैं। (UP Trade Show)
छोटे कारोबार से बड़ी उड़ान
कार्यक्रम में सिद्धार्थनगर की सरोज देवी, अमरोहा की कौशल्या और नवी प्रेरणा समूह की शफीका जैसी महिलाओं ने अपने कारोबार की सफलता की कहानियां साझा कीं। अधिकारियों के मुताबिक ऐसे प्लेटफॉर्म महिलाओं को बाजार की मांग, पैकेजिंग और बड़े खरीदारों की जरूरत समझने का अवसर दे रहे हैं। (UP Trade Show)
