PATNA : सरकार गठन से चूके तेजस्वी कदम कदम पर सीएम नीतिश कुमार के सामने नई चुनौतियां पेश करे रहे हैं। अब महागठबंधन ने विधानसभा अध्यक्ष के पद पर अपना उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। महागठबधंन ने इस पद के लिए नाम भी तय कर दिया है। सीवान से विधायक बने अवध बिहारी चौधरी को महागठबंधन ने अपना नेता चुना है।
अवध बिहारी चौधरी ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा है कि बिहार विधानसभा में अध्यक्ष का पद अहम और जिम्मेदारी वाला पद होता है, जो पक्ष और विपक्ष को साथ लेकर चल सके, सबकी बातें सुने। इसके लिए अनुभव का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि वह सभी दलों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
अवध बिहारी चौधरी पहली बार 1985 में विधायक बने थे और अब तक पांच बार विधायक बन चुके हैं। स्पीकर पद के प्रत्याशी बनने के बाद चौधरी ने कहा कि महागठबंधन ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने विधायकों को विश्वास जताते हुए कहा कि वे अध्यक्ष बनने के बाद पूरे नियम से और बिना भेदभाव के सदन चलाने का काम करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष के लिए बुधवार को चुनाव होना है।



